जबेरा में देशी गेहूं बीजों का डेमो प्लांट स्थापित प्राकृतिक व जैविक खेती को बढ़ावा देने की अनूठी पहल
जबेरा में देशी गेहूं बीजों का डेमो प्लांट स्थापित प्राकृतिक व जैविक खेती को बढ़ावा देने की अनूठी पहल
दमोह : 18 फरवरी 2026
प्राकृतिक एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दमोह जिले के जबेरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भीनेनी में मानव जीवन विकास समिति द्वारा देशी गेहूं के 8 से 10 पारंपरिक किस्मों का डेमो प्लांट स्थापित किया गया है। यह पहल पिछले दो-तीन वर्षों से रबी एवं खरीफ फसलों में निरंतर की जा रही है।
समिति द्वारा पुराने से पुराने देशी बीजों का संग्रहण कर उन्हें खेतों में प्रदर्शन के रूप में लगाया जा रहा है, जिससे किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रभावी परिणामों से अवगत कराया जा सके। वर्तमान सत्र में धान के साथ-साथ गेहूं की पारंपरिक किस्मों पर विशेष कार्य किया जा रहा है।
ग्राम भीनेनी में लगाए गए CDV प्लॉट का प्रथम चरण का डेटा कलेक्शन पूर्ण किया गया। इस दौरान कृषक नरेश, कृषक अर्चना एवं दो महिला कृषकों द्वारा गेहूं की विभिन्न किस्मों का चरित्र चित्रण किया गया। डेमो प्लॉट में गुलंबरी, पैगंबरी, खैरा, मुंडी, बंसी, काला गेहूं 7, सरवती एवं 322 सहित कुल 8 किस्मों का रोपण किया गया है।
इस संपूर्ण प्रक्रिया में RRA, NCNF, दमोह जिला प्रशासन, कृषि विभाग (आत्मा) तथा कृषि विज्ञान केंद्र दमोह का सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। इन संस्थाओं के समन्वय से किसानों को देशी बीज संरक्षण, प्राकृतिक खेती तकनीक एवं उत्पादन वृद्धि के संबंध में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
पर्यावरणविद् एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह ने बताया कि समिति द्वारा देशी बीजों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही “श्री अन्न” को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और कृषकों को आवश्यक उपादानों में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

