
शक्ति की उपासना और आराधना के महापर्व ‘शारदीय नवरात्रि’ के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन – दमोह के सहयोग से 14 अक्टूबर, 2026 को ‘शक्ति पर्व’ का आयोजन किया जा रहा है। इस सुप्रतिष्ठित आयोजन में विविध कलाओं के माध्यम से प्रदेश एवं देश के सुविख्यात कलाकार शक्ति के स्वरूपों एवं उनसे जुड़ें आख्यानों पर केन्द्रित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम सायं 6:30 बजे से प्रारंभ होगा एवं प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
संचालक, संस्कृति एन.पी. नामदेव ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भव्य एवं दिव्य शक्ति पर्व का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय संस्कृति में निहित शक्ति के महत्व एवं महानता को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना इस आयोजन का उद्देश्य है। यह आयोजन मां बिजासन माता मंदिर प्रांगण – सलकनपुर (जिला – सीहोर), मां बिजासन माता मंदिर प्रांगण – सलकनपुर (जिला – सीहोर), मां भादवा माता मंदिर प्रांगण – नीमच, मां बगलामुखी माता मंदिर प्रांगण – नलखेड़ा (जिला – आगर मालवा), तहसील ग्राउण्ड – दमोह, दशहरा मैदान – रायसेन एवं मां शारदा देवी मंदिर प्रांगण- मैहर में होगा।
तहसील ग्राउण्ड, दमोह में 14 अक्टूबर, 2026 को सायं 6:30 बजे से ‘शक्ति पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें पहली प्रस्तुति लोक में भक्ति गायन की होगी, जिसे अभिलाष चौबे एवं साथी, सागर द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद ‘शिव शक्ति’ नृत्य नाटिका की प्रस्तुति होगी, इसे अखण्ड सुदर्पण जनकल्याण समिति, खण्डवा द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। अंत में महिमा पाण्डेय एवं साथी, भोपाल का भक्ति गायन होगा।



