सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए- राज्यमंत्री श्री लोधी तेंदूखेड़ा नगर परिषद में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने विभागीय कार्यों की प्रगति का लिया जायजा कहा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे

तेंदूखेड़ा नगर परिषद में विभिन्न विभागों की प्रगति एवं जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं, नागरिक सुविधाओं तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान राज्यमंत्री श्री लोधी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से विभागीय कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा व्यवस्था, राजस्व प्रकरणों के निराकरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इसके लिए विभागीय स्तर पर समन्वय और निगरानी बढ़ाई जाए।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित मैदानी निरीक्षण करने तथा जनता से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने एवं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं नगर परिषद के कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में विकास कार्यों की गति बढ़ाना, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।




