दलहनों में आत्मनिर्भरता मिशन के तहत दाल मिल स्थापना के लिए आवेदन आमंत्रित प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई स्थापित करने पर मिलेगा 33 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम 25 लाख रुपये
वर्ष 2026-27 में दलहनों में आत्मनिर्भरता मिशन अंतर्गत प्रसंस्करण एवं पैकेजिंग इकाई (दाल मिल) की स्थापना के लिए पात्र हितग्राहियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य दलहन फसलों का मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण क्षमता में वृद्धि तथा किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।
एफपीओ, क्लस्टर फेडरेशन, PACS एवं व्यक्तिगत आवेदक पात्र
योजना के अंतर्गत एफपीओ (FPO), क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF), प्राथमिक कृषि साख समिति (PACS) तथा व्यक्तिगत हितग्राही आवेदन कर सकते हैं।
स्वीकृत लागत का 33 प्रतिशत अनुदान
परियोजना की कुल स्वीकृत लागत का 33 प्रतिशत अनुदान, अधिकतम 25 लाख रुपये तक प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कृषि अवस्थापना कोष (AIF) के अंतर्गत 9 प्रतिशत ब्याज पर ऋण तथा 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा, जिससे प्रभावी ब्याज दर 6 प्रतिशत रह जाएगी।
15 जुलाई से 30 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक पात्र आवेदक www.chc.mp.dage.org पोर्टल पर 15 जुलाई 2026 से 30 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
आवेदक को आधार कार्ड, समग्र आईडी, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची, बैंक पासबुक, भूमि संबंधी दस्तावेज (खसरा/बी-1), जाति प्रमाण पत्र (SC/ST आवेदकों के लिए), CA द्वारा तैयार प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा धरोहर राशि से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। सामान्य वर्ग एवं संस्थागत आवेदकों के लिए 1 लाख रुपये, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला आवेदकों के लिए 50 हजार रुपये की धरोहर राशि निर्धारित है।
बैंक ऋण लेना अनिवार्य
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए संबंधित परियोजना हेतु बैंक से ऋण प्राप्त करना अनिवार्य होगा। धरोहर राशि का डिमांड ड्राफ्ट जिले के उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास के नाम से बनवाकर उसकी स्कैन प्रति आवेदन के साथ अपलोड करना अनिवार्य है।


