गुरुदेव श्री आचार्य विद्यासागर जी महाराज की द्वितीय समाधि दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
गुरुदेव श्री आचार्य विद्यासागर जी महाराज की द्वितीय समाधि दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम
दमोह। गुरुदेव श्री आचार्य विद्यासागर जी महाराज के द्वितीय समाधि दिवस के अवसर पर सकल जैन समाज दमोह द्वारा कीर्ति स्तंभ चौराहे पर दीप प्रज्वलन एवं भक्ति संगीत का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं महिलाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
संध्या समय आयोजित दीप प्रज्वलन में सैकड़ों दीपों से पूरा कीर्ति स्तंभ चौराहा आलोकित हो उठा। श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात भक्ति संगीत कार्यक्रम में गुरुवाणी, स्तवन एवं भक्तिमय गीत प्रस्तुत किए गए, जिससे वातावरण आध्यात्मिक भावनाओं से सराबोर हो गया।
समाज के वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में आचार्य श्री के त्याग, तप, साधना और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव का जीवन संयम, करुणा और राष्ट्रसेवा का प्रेरक उदाहरण है, जिसे आने वाली पीढ़ियां सदैव याद रखेंगी।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक मंगल पाठ एवं शांतिधारा के साथ श्रद्धांजलि सभा का समापन हुआ। आयोजन में प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


