पटी बेड़िया में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई, 2000 लीटर लहान नष्ट
नोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम पटी बेड़िया नंदलाल में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व एवं पुलिस टीम ने गांव में दबिश देकर करीब 2000 लीटर लहान बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दी।
तहसीलदार श्री गुप्ता ने बताया कि ग्राम में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व टीम ने थाना प्रभारी अभिषेक पटेल एवं पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से छापामार कार्रवाई की। उन्होने बताया टीम ने गांव में अलग-अलग स्थानों पर तलाशी लेकर झाड़ियों एवं अन्य जगहों पर छिपाकर रखी गई कच्ची महुआ शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान लगभग 2000 लीटर लहान नष्ट की गई।
उन्होने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।




