मलेरिया निरोधक माह का शुभारंभ, जनजागरूकता हेतु प्रचार रथ एवं रैली रवाना मलेरिया एवं डेंगू नियंत्रण के लिए विशेष अभियान प्रारंभ, प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जून 2026 को मलेरिया निरोधक माह के रूप में मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य वर्षा ऋतु के दौरान मच्छरों की बढ़ती संख्या से होने वाले मलेरिया एवं डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जनसामान्य को जागरूक करना तथा इन रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण सुनिश्चित करना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अठया के निर्देशन में 03 जून को मलेरिया कार्यालय से मलेरिया/डेंगू जनजागरूकता प्रचार रथ को जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं आशा कार्यकर्ताओं जागरूकता रैली भी निकाली गई। प्रचार रथ द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में माइकिंग कर मलेरिया एवं डेंगू से बचाव संबंधी संदेश प्रसारित किए गए तथा नागरिकों को पंपलेट वितरित कर आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने तथा मच्छरों की उत्पत्ति रोकने के उपायों के बारे में अवगत कराया गया।
जिला मलेरिया कार्यालय के अनुसार आगामी दिनों में प्रचार रथ जिले के सभी ब्लॉकों एवं मलेरिया प्रभावित ग्रामों का भ्रमण करेगा। इस दौरान माइकिंग, पोस्टर, पंपलेट एवं अन्य जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
फीवर सर्वे कैंप एवं एडवोकेसी कार्यशालाओं का आयोजन
मलेरिया निरोधक माह के अंतर्गत शहरी क्षेत्र दमोह सहित विभिन्न स्थानों पर आशा कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा फीवर सर्वे कैंप तथा एडवोकेसी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक किट एवं आईईसी सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसी प्रकार मलेरिया प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूरे माह विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
बुखार के मरीजों की तत्काल जांच एवं उपचार की व्यवस्था
जिला मलेरिया अधिकारी यामिनी सिलारपुरिया ने बताया कि अभियान जिला, ब्लॉक, सब-सेंटर एवं ग्राम स्तर तक संचालित किया जा रहा है। फीवर सर्वे कैंपों में बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की तत्काल जांच कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मलेरिया के मामलों की शीघ्र पहचान एवं नियंत्रण संभव हो सके।
जनसामान्य से सहयोग की अपील
जिला मलेरिया अधिकारी श्रीमति सिलारपुरिया ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु के दौरान अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें। जिन स्थानों पर पानी निकालना संभव न हो, वहां जला हुआ तेल डालकर मच्छरों के लार्वा को नष्ट करें। विभाग ने सभी नागरिकों से मलेरिया एवं डेंगू मुक्त जिले के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया है।

