26 जनवरी गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों के दौरान छात्रों के स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी
गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों के दौरान छात्रों के स्वास्थ्य सुरक्षा हेतु
26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में आयोजित होने वाले परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकी प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र सुबह से ही स्टेडियम में उपस्थित रहेंगे। लंबे समय तक गतिविधियों, मौसम में हल्की ठंडक एवं दिन में बढ़ती गर्मी के कारण छात्रों में थकान, चक्कर, डिहाइड्रेशन एवं अस्वस्थता की संभावना बनी रहती है। इसे दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी में शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों से आग्रह किया गया है कि मौसम के अनुरूप बच्चों की सतत निगरानी रखी जाये। यदि किसी बच्चे को चक्कर, कमजोरी, उल्टी, सिरदर्द या बेचौनी महसूस हो, तो उसे तुरंत गतिविधि से हटाकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाये। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर मेडिकल टीम, प्राथमिक उपचार सुविधा एवं आवश्यक दवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अठ्या ने सभी बच्चों के अभिभावकों से कहा है कि छात्रों को कार्यक्रम में भेजने से पूर्व हल्का एवं पौष्टिक नाश्ता अवश्य कराया जाये। मौसम के अनुसार बच्चों को आरामदायक कपड़े पहनाए जायें। सुबह के समय हल्की ठंड से बचाव तथा दिन में गर्मी को देखते हुए आवश्यकता अनुसार कपड़ों में समायोजन किया जाए। उन्होंने शिक्षकगणों से आग्रह किया है कि खाली पेट बच्चों को परेड अथवा सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल न किया जाये।
बच्चों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल पिलाया जाये। प्रत्येक स्कूल/दल द्वारा पानी की बोतल साथ रखना अनिवार्य किया जाए, ताकि डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके।धूप में अधिक देर तक खड़े बच्चों को समय-समय पर छाया में विश्राम दिया जाए
परेड एवं कार्यक्रमों के दौरान बच्चों को अत्यधिक थकान से बचाने हेतु बीच-बीच में ब्रेक दिया जाये। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों एवं आयोजकों से अपील की गई है कि बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस एडवाइजरी का पालन करें, ताकि गणतंत्र दिवस का आयोजन व्यवस्थित एवं सफलता पूर्व निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हो सके।

