पेट्रोल, डीज़ल और गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, पैनिक न करें- कलेक्टर श्री कोचर सप्लाई में कोई बाधा नहीं, सर्वर पर अधिक कॉल से तकनीकी समस्या, शिकायत के लिए दमोह हेल्पलाईन 07812-350300 सक्रिय
लेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले में पेट्रोल, डीज़ल, सीएनजी (CNG) और घरेलू गैस की उपलब्धता को लेकर स्पष्ट किया है कि किसी प्रकार की कमी या आपूर्ति में बाधा नहीं है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक की स्थिति उत्पन्न न करें।
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया भारत सरकार से अभी अपडेट आया है कि भारतीय टैंकरों को आने की अनुमति मिल चुकी है, जिसके कारण तेल की आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या नहीं है। जिले के पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीज़ल उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस को लेकर भी कोई दिक्कत नहीं है। शुरुआती तौर पर जो समस्या सामने आ रही है, उसका मुख्य कारण लोगों द्वारा एक साथ बड़ी संख्या में टोल फ्री नंबर और वेबसाइट पर कॉल व हिट करना है। इससे कई बार सर्वर पर तकनीकी समस्या आ जाती है। कंपनियों के साथ लगातार संपर्क में रहकर इस समस्या को जल्द दूर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गैस कंपनियां मिस्ड कॉल के आधार पर भी बुकिंग दर्ज कर लेती हैं, इसलिए लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि राज्य सरकार और भारत सरकार इस विषय पर लगातार संपर्क में हैं और स्थिति की निगरानी कर रही हैं। हाल ही में मुख्य सचिव द्वारा सभी कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
उन्होने कहा, नागरिकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। दमोह हेल्पलाइन नंबर 07812-350300 पर नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यहां खाद्य विभाग के अधिकारी और हेल्पलाइन टीम तैनात रहेगी, जो शिकायतों को संबंधित कंपनियों तक पहुंचाकर समाधान सुनिश्चित करेगी।
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि कालाबाजारी, जमाखोरी और अनावश्यक स्टॉकिंग को रोकने के लिए अलग-अलग निगरानी दल भी गठित किए गए हैं। ये दल गैस एजेंसियों और अन्य आपूर्ति व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे ताकि पात्र उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके। जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के साथ प्रतिदिन स्टॉक की समीक्षा भी की जाएगी, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
—000—