पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें- कलेक्टर श्री कोचर
पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें- कलेक्टर श्री कोचर
दमोह : कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले के गैस एजेंसी संचालकों, मैरिज गार्डन संचालकों, कैटरर्स और पेट्रोल पंप मालिकों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में सभी संबंधितों से चर्चा कर सुझाव लिए गए और वर्तमान स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी दी गई।कलेक्टर श्री कोचर ने आम जनता से आग्रह करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। लोगों को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए और अनावश्यक रूप से ईंधन का स्टॉक करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है। यदि लोग अनावश्यक रूप से स्टॉक करते हैं तो इससे कृत्रिम अभाव की स्थिति बन सकती है।उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता भी पूरी तरह सामान्य है। केवल बुकिंग की अवधि में थोड़ा बदलाव किया गया है। पहले सिलेंडर बुक करने के बाद अगला सिलेंडर 21 दिन बाद बुक किया जा सकता था, जिसे अब बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। इसके अलावा किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है।कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर का उपयोग कैटरिंग, मैरिज गार्डन, होटल, रेस्टोरेंट, छात्रावास और अस्पताल जैसे व्यावसायिक कार्यों में किया जाता है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी, जबकि अन्य व्यावसायिक स्थानों के लिए कुछ समय के लिए आपूर्ति को सीमित किया गया है।उन्होंने बताया कि बैठक में सभी संबंधित संचालकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि वे इस परिस्थिति में प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे और व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग देंगे।


