नगर पालिका का विशेष कर वसूली मेगा शिविर पहले ही दिन 10 लाख रुपये से अधिक कर वसूला नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

दमोह नगर पालिका द्वारा शासन के निर्देशानुसार एक दिवसीय विशेष कर वसूली मेगा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने बकाया कर (टैक्स) का भुगतान किया।
नगर पालिका परिसर में आयोजित इस मेगा शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और लंबित करों का निराकरण कराया। शिविर के दौरान करदाताओं की सुविधा के लिए विशेष काउंटर बनाए गए थे, जिससे भुगतान प्रक्रिया सरल और सुव्यवस्थित रही।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि शिविर के पहले ही दिन लगभग 10 लाख रुपये से अधिक की कर राशि नगर पालिका को प्राप्त हुई है। उन्होंने नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य कर संग्रहण को बढ़ावा देना तथा नागरिकों को एक ही स्थान पर सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने यह भी अपील की कि जिन नागरिकों का कर बकाया है, वे समय पर कर जमा कर नगर विकास कार्यों में सहभागी बनें।
