महोत्सव हमारी लोक संस्कृति को नई पहचान देता है और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम- पर्यटन, संस्कृति राज्यमंत्री श्री लोधी नोहलेश्वर महोत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ सांस्कृतिक चेतना यात्रा में उमड़ा जनसैलाब सम्पूर्ण नगर में उत्साह का माहौल
महोत्सव हमारी लोक संस्कृति को नई पहचान देता है और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम- पर्यटन, संस्कृति राज्यमंत्री श्री लोधी नोहलेश्वर महोत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ सांस्कृतिक चेतना यात्रा में उमड़ा जनसैलाब सम्पूर्ण नगर में उत्साह का माहौल

दमोह : 05 फरवरी 2026
जिले के ऐतिहासिक नोहलेश्वर मंदिर परिसर नोहटा में आयोजित “नोहलेश्वर महोत्सव नोहटा 2026” का भव्य शुभारंभ प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी की गरिमामय मौजूदगी में परंपरा, आस्था और संस्कृति के संगम के साथ संपन्न हुआ। राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा नोहलेश्वर महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की आस्था, संस्कृति और परंपराओं का उत्सव है। यह महोत्सव हमारी लोक संस्कृति को नई पहचान देता है और युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। सरकार ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक धरोहर को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। संध्या काल में महोत्सव स्थल पर राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने संत श्री अनुग्रह दाश जी महाराज छोटे सरकार एवं उपस्थित अतिथिओ के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गणेश पूजन के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी एवं महोत्सव संयोजक सत्येंद्र सिंह लोधी, प्रदेश के राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ रामकृष्ण कुसमरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक सांस्कृतिक चेतना यात्रा में सम्मिलित रहे। यात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर जेसीबी से पुष्प वर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।
नोहटा नगर में निकली विशाल सांस्कृतिक चेतना यात्रा में 70 से अधिक टोलियों द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में सामूहिक बुंदेली लोकनृत्य (राई) प्रस्तुत किया गया। ढोल-नगाड़ों, लोक धुनों और जयघोष के बीच यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई महोत्सव स्थल पहुंची, जिससे पूरा क्षेत्र सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर हो गया।
महोत्सव के अंतर्गत आगामी दिनों में भक्ति गायन, बुंदेली लोकगीत, कथक नृत्य, कवि सम्मेलन सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। साथ ही विशाल मेले में पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प, फूड स्टॉल एवं विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, कलाकार एवं नागरिक उपस्थित रहे।
गणेश वंदना टीम में दीक्षा सेन अनुनय श्रीवास्तव, अभिनव श्रीवास्तव, संजय खरे, ब्रजेंद्र राठौर शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन राजीव अयाची ने किया। 



