केंद्रीय बजट में 2047 तक विकसित भारत का रोडमैप स्पष्ट : सांसद राहुल सिंह लोधी व्यापारी एवं प्रबुद्ध जनों के संवाद कार्यक्रम में बोले सांसद—यह बजट सर्वसमावेशी विकास की मजबूत नींव
केंद्रीय बजट में 2047 तक विकसित भारत का रोडमैप स्पष्ट : सांसद राहुल सिंह लोधी व्यापारी एवं प्रबुद्ध जनों के संवाद कार्यक्रम में बोले सांसद—यह बजट सर्वसमावेशी विकास की मजबूत नींव
दमोह : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प का स्पष्ट प्रतिबिंब इस वर्ष के केंद्रीय बजट में देखने को मिल रहा है। यह बात दमोह लोकसभा सांसद श्री राहुल सिंह लोधी ने कही। वे स्थानीय टाउन हॉल में केंद्रीय बजट विषय पर आयोजित व्यापारी एवं प्रबुद्ध जनों के संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सांसद श्री लोधी ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना इस बजट में स्पष्ट रूप से झलकती है। उन्होंने बताया कि यह भारतीय संसदीय इतिहास में पहली बार है जब 1 फरवरी को प्रस्तुत होने वाला बजट रविवार होने के बावजूद निर्धारित तिथि पर ही प्रस्तुत किया गया, जो सरकार की प्रतिबद्धता और पारदर्शिता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस बजट में किसान, युवा, महिला, व्यापारी, मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग—सभी के उत्थान को ध्यान में रखते हुए योजनाएं समाहित की गई हैं। यह बजट केवल आर्थिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के भविष्य की दिशा तय करने वाला विजन डॉक्यूमेंट है। अपने संबोधन में सांसद लोधी ने कहा कि वर्तमान समय की सबसे बड़ी वैश्विक चुनौती ट्रेड वॉर है, जिससे भारत मजबूती के साथ न केवल मुकाबला कर रहा है बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने हितों का प्रभावी ढंग से पक्ष भी रख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है।सांसद लोधी ने कांग्रेस एवं विपक्षी दलों की सोच और नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष के पास न तो कोई स्पष्ट दृष्टि है और न ही देश के विकास के लिए ठोस रोडमैप। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सांसदों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे जनता के बीच जाकर नवाचार एवं विकास के लिए सुझाव प्राप्त करें, जिनमें से व्यवहारिक और प्रभावी सुझावों को सरकार द्वारा लागू किया जाएगा। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी दमोह के जिला अध्यक्ष श्री श्याम शिवहरे ने भी संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन इस बजट में पूरी तरह परिलक्षित होता है। उन्होंने बजट में किए गए प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत, रोजगार सृजन और आर्थिक सुदृढ़ता की दिशा में एक मजबूत कदम है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा बाल्मिकी, मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, जिला महामंत्री रामेश्वर चौधरी महेश पटेल अरूण तिवारी, उपाध्यक्ष श्री संजय सेन, राघवेंद्र सिंह परिहार मंचासीन रहे, साथ ही जिला उपाध्यक्ष संजय यादव, श्रीमती सुमन उपाध्याय, जिला मंत्री श्रीमती श्यामा उरैती ,भरत यादव, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र चौरसिया रमाकांत वाजपेई महेंद्र राठौर वरिष्ठ पत्रकार नारायण सिंह, डॉ नवीन दुबे, लघु उद्योग भारती से दिलेश चौधरी, मोनू राजपूत, कैलाश शैलार, अमर सिंह डा अनिल चौधरी, नरेंद्र बजाज, जुगल अग्रवाल, अंकित जैन सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण, सामाजिक प्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों ने बजट को लेकर अपने विचार भी साझा किए और सरकार की नीतियों का समर्थन किया।



