जनसुनवाई की जगह शिविरों से त्वरित समाधान का प्रयास- कलेक्टर श्री कोचर संकल्प से समाधान अभियान का द्वितीय चरण प्रारंभ 31 मार्च तक चलेंगे क्लस्टर आधारित समाधान शिविर नगरीय क्षेत्रों में वार्डवार शिविर 24 फरवरी को दमोह, पथरिया एवं तेंदूखेड़ा नगरपालिका में विशेष आयोजन प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) हितग्राहियों के लिए विशेष सुविधा
जनसुनवाई की जगह शिविरों से त्वरित समाधान का प्रयास- कलेक्टर श्री कोचर संकल्प से समाधान अभियान का द्वितीय चरण प्रारंभ 31 मार्च तक चलेंगे क्लस्टर आधारित समाधान शिविर नगरीय क्षेत्रों में वार्डवार शिविर 24 फरवरी को दमोह, पथरिया एवं तेंदूखेड़ा नगरपालिका में विशेष आयोजन प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) हितग्राहियों के लिए विशेष सुविधा
दमोह : 19 फरवरी 2026कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया जिले में संचालित संकल्प से समाधान अभियान का द्वितीय चरण 16 फरवरी से प्रारंभ हो चुका है, जो 31 मार्च तक जारी रहेगा। अभियान के तहत अब प्राप्त आवेदनों के निराकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।कलेक्टर श्री कोचर ने बताया दूसरे चरण में विकासखंड स्तर पर छोटे-छोटे क्लस्टर बनाकर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इन क्लस्टर आधारित शिविरों की शुरुआत 20 फरवरी से होगी। प्रत्येक विकासखंड में एक दिन में अधिकतम सात क्लस्टरों में शिविर लगाए जाएंगे तथा शिविरों के बीच तीन से चार दिन का अंतर रखा गया है, ताकि आमजन तक सूचना प्रभावी रूप से पहुंच सके और अधिकाधिक लोग लाभान्वित हो सकें।उन्होंने आमजन से आग्रह किया कि प्रथम चरण में जिन नागरिकों ने आवेदन प्रस्तुत किए थे, वे द्वितीय चरण में आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर अपने आवेदनों का निराकरण प्राप्त करें। शिविरों की सूचना सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से दी जा रही है।कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि नगरीय क्षेत्रों में भी वार्डवार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 24 फरवरी को विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा, जो केवल प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु रहेगा। यह विशेष शिविर 24 फरवरी को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दमोह, पथरिया, तेंदूखेड़ा नगरपालिकाओं में आयोजित होगे।
लंबित किस्तों के हितग्राही अवश्य पहुंचें शिविर में
कलेक्टर श्री कोचर ने स्पष्ट किया कि ऐसे हितग्राही जिनको पहली किस्त मिलने के बाद दूसरी या तीसरी किस्त प्राप्त नहीं हुई है, वे संबंधित नगरपालिका में आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित हों। शिविर में प्रत्येक हितग्राही की फाइल का सूक्ष्म परीक्षण किया जाएगा जिसमें फोटो सत्यापन, पूर्व जारी किस्तों का विवरण एवं अन्य दस्तावेजों की जांच शामिल रहेगी। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से दमोह नगरपालिका में लंबित प्रकरणों की संख्या अधिक है, इसलिए अधिक से अधिक हितग्राही 24 फरवरी को आयोजित शिविर का लाभ लें।
कलेक्टर श्री कोचर ने कहा कि कई नागरिक हर बार जनसुनवाई में अपनी समस्या लेकर पहुंचते हैं। इन्हीं समस्याओं के समग्र समाधान हेतु क्लस्टर आधारित एवं विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि एक ही स्थान पर व्यवस्थित तरीके से प्रकरणों का निराकरण किया जा सके।
उन्होंने समस्त ग्रामीण एवं नगरीय नागरिकों से आग्रह किया कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविरों में पहुंचकर शासन की इस पहल का लाभ अवश्य उठाएं।
—000—



