जिले में बोर्ड परीक्षाओं के लिए 90 केंद्र निर्धारित, 7 बने आदर्श परीक्षा केंद्र प्रवेश द्वार पर गुब्बारों से स्वागत, विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था आदर्श परीक्षा केंद्र में प्रवेश करते ही रोमांचित नजर आए छात्र-छात्राएं
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 90 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से सात केंद्रों को आदर्श परीक्षा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां परीक्षार्थियों को बेहतर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।
आदर्श परीक्षा केंद्र के रूप में सांदीपनि विद्यालय पथरिया, सांदीपनि विद्यालय तेंदूखेड़ा, सांदीपनि विद्यालय दमोह, सांदीपनि विद्यालय हटा, सांदीपनि विद्यालय पटेरा, सांदीपनि विद्यालय जबेरा तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खडेरी को तैयार किया गया है।
इन केंद्रों पर विद्यार्थियों का स्वागत प्रवेश द्वार पर गुब्बारों के साथ किया जा रहा है, जिससे परीक्षा का तनाव कम हो और सकारात्मक वातावरण का निर्माण हो सके। प्रत्येक कक्षा के बाहर शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पंखों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रयास किया गया है कि परीक्षा केंद्रों का माहोल हर दृष्टि से परीक्षा के अनुकूल, शांत एवं सुव्यवस्थित रहे, ताकि विद्यार्थी बिना किसी असुविधा के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दे सकें।

