
दमोह। सूर्यवंशी अहिरवार जाटव समाज समिति (शहर) दमोह द्वारा 1 मार्च 2026 को जिला स्तरीय सामाजिक सम्मेलन का आयोजन बड़ी देवी प्रांगण, दमोह में किया जा रहा है। इस संबंध में सभी शहर कमेटी के सम्मानित पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा अहिरवार जाटव समाज के ऊर्जावान साथियों से कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आह्वान किया गया है। आयोजकों ने बताया कि यह सम्मेलन समाज को नई दिशा देने, सामाजिक कुरीतियों को त्यागने और शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि “अभी नहीं तो कभी नहीं” की भावना के साथ यह अवसर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण मंच है। केवल चाय-पान की दुकानों या सड़क किनारे खड़े होकर चर्चा करने से परिवर्तन संभव नहीं है, बल्कि सबके बीच अपनी बात प्रभावी रूप से रखकर सामूहिक प्रयास करने से ही समाज में वास्तविक बदलाव आएगा। समिति ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का है। अतः केवल यह सोचकर शामिल न होना कि यह किसी एक संगठन का आयोजन है, समाजहित में उचित नहीं होगा। सम्मेलन में समाज के सभी नवजवान साथियों, वरिष्ठजन, माताओं एवं बहनों से एकजुट होकर सहभागिता निभाने और एकता का परिचय देने की अपील की गई है। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से यह सामाजिक सम्मेलन ऐतिहासिक एवं सफल सिद्ध होगा।




