हटा के ग्राम हिनौताकलॉ एवं पटेरा के ग्राम कुम्हारी में ‘संकल्प से समाधान’ द्वितीय चरण के क्लस्टर शिविर आयोजित

संकल्प से समाधान अभियान के द्वितीय चरण अंतर्गत कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा क्लस्टर स्तर पर शिविरों की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इसी क्रम में विकासखंड हटा के ग्राम हिनौताकलां एवं विकासखंड पटेरा के ग्राम कुम्हारी में क्लस्टर स्तरीय शिविरों का सफल आयोजन किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हटा राकेश सिंह मरकाम ने बताया कि शासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं से लाभांवित किया जाए। अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
अनुभाग हटा अंतर्गत राजस्व विभाग की योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। शिविरों में पंजीकृत हितग्राहियों को सामान्य प्रशासन विभाग अंतर्गत जाति प्रमाण पत्र, राजस्व विभाग द्वारा खसरा वितरण, चालू नक्शा की प्रति तथा स्वामित्व पट्टा वितरित किए गए। शिविर में अन्य विभागीय योजनाओं के तहत भी लाभ प्रदान किए गए। इनमें फार्मर आईडी पंजीयन, आधार अपडेट, संबल कार्ड वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं सामाजिक न्याय विभाग की योजनाओं से संबंधित हितलाभ शामिल रहे।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हटा श्री मरकाम ने बताया कि दोनों क्लस्टर शिविरों में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति रही तथा प्राप्त आवेदनों का मौके पर निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। जिला प्रशासन द्वारा अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है।

