
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आर. के. अठया के निर्देशानुसार जिले में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं कुपोषण की रोकथाम हेतु दस्तक अभियान का प्रभावी संचालन किया जा रहा है। दस्तक दल द्वारा 5 साल तक के बच्चों के अभिभावकों को बच्चे के संतुलित आहार, स्वच्छता एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों की नियमित जांच की जा रही है। बच्चों का वजन एवं स्वास्थ्य स्थिति का आंकलन कर कुपोषित एवं जोखिम वाले बच्चों की पहचान की जा रही है। 6 माह से 5 वर्ष तक के एनीमिक बच्चों की फॉलोअप जांच भी संस्था में की जा रही है। साथ ही 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों में रोग से लड़ने की क्षमता बढ़ाने में बेहद उपयोगी विटामिन ए का घोल निर्धारित मात्रा में पिलाया जा रहा है। दस्तक दल में शामिल आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा मॉप-अप दिवस में आंगनबाड़ी केंद्र में अनुपस्थित बच्चों के घरों में पहुंचकर विटामिन ए का घोल पिलाया जा रहा है।

