दस्तक अभियान द्वितीय चरण क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय अर्न्तविभागीय कार्यशाला संपन्न

दस्तक अभियान के द्वितीय चरण के सुचारू रूप से व्यवस्थित क्रियान्वयन हेतु स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की अर्न्तविभागीय कार्यशाला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. अठया की अध्यक्षता में सीएमएचओ सभाकक्ष में की गई। इस दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विक्रांत चौहान एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक विशेष रूप से मौजूद रहे।
डॉ. अठया ने बताया कि प्रदेश व्यापी दस्तक अभियान द्वितीय चरण का क्रियान्वयन 17 फरवरी से 19 मार्च तक किया जायेगा। अभियान दौरान बच्चों को सेहतमंद बनाये रखने में उपयोगी विटामिन ए अनुपूरण तथा एनीमिक बच्चों का फॉलोअप जांच एवं समुचित प्रबंधन किया जायेगा। डॉ. अठया ने अभियान क्रियान्वयन के संबंध में मौजूद स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग अमले को आपसी समन्वय से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये।
अभियान के दौरान प्रमुख गतिविधियां
अभियान के संबंध में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विक्रांत चौहान ने बताया कि ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर ग्राम में आयोजित सत्र में 9 माह से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को विटामिन ए अनुपूरण तथा दस्तक अभियान प्रथम चरण में चिन्हित 6 माह से 5 वर्ष के अल्प मध्यम अथवा गंभीर एनीमिक बच्चों की एनीमिया फॉलोअप जांच एवं समुचित उपचार, प्रबंधन किया जायेगा। सत्र दौरान एएनएम डिजीटल हिमोग्लोबिनोमीटर से एनीमिया जांच की जायेगी।
सत्र दौरान ड्यू लिस्ट अनुरूप छूटे हुए बच्चों को एएनएम की निगरानी में ग्राम में अगले ही दिन मॉपअप दिवस पर आशा-आंगनवाडी कार्यकर्ता द्वारा गृह भेंट कर आयु अनुरूप छूटे हुए बच्चों को विटामिन ए अनुपूरण कराया जायेगा। जबकि एएनएम द्वारा आयोजित सत्र स्थल पर छूटे हुए बच्चों की एनीमिया जांच की जायेगी। हितग्राही बच्चों को लाने का कार्य महिला बाल विकास विभाग के मैदानी कार्यकर्ताओं के द्वारा किया जायेगा।
आंगनवाडी केन्द्रों पर दी जाऍगी सेवाऍ
कार्यशाला दौरान बताया गया कि समस्त लक्षित बच्चों तक दस्तक सेवा प्रदायगी के लिए सभी आंगनवाडी केन्द्रों पर सत्रों का आयोजन किया जायेगा। कार्यशाला दौरान एम एण्ड ई, बीपीएम, बीसीएम, बीईई, महिला बाल विकास विभाग के सुपरवाईजर तथा स्वैच्छिक संगठन अंतरा के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



