दमोह में खुलेगा एएसआई का सब-सर्कल कार्यालय जिला प्रशासन के लगातार पत्राचार और प्रयासों से यह संभव हुआ
दमोह में खुलेगा एएसआई का सब-सर्कल कार्यालय जिला प्रशासन के लगातार पत्राचार और प्रयासों से यह संभव हुआ

दमोह : 03 जनवरी 2026 भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण – ASI) जबलपुर सर्कल के अंतर्गत दमोह में एक नए सब-सर्कल कार्यालय की स्थापना की जा रही है। यह कार्यालय शहर की एक प्राचीन इमारत, जिसे स्थानीय रूप से गिरजाघर भी कहा जाता था, में संचालित होगा। जिला प्रशासन के लगातार पत्राचार और प्रयासों से यह संभव हुआ है। कलेक्टर श्री कोचर ने बताया यह सब-सर्कल कार्यालय दमोह एवं आसपास के क्षेत्रों में स्थित संरक्षित स्मारक स्थलों के संरक्षण, देखरेख और रखरखाव से संबंधित कार्यों के लिए उत्तरदायी रहेगा। नवस्थापित कार्यालय में कंज़र्वेशन असिस्टेंट (Conservation Assistant) सहित अन्य सहयोगी स्टाफ की तैनाती की जाएगी, जो स्मारकों के संरक्षण, मरम्मत तथा नियमित रखरखाव के कार्यों को संपादित करेंगे। ज्ञातव्य है कि इससे पूर्व जबलपुर सर्कल के अंतर्गत सागर, जबलपुर, रीवा एवं खजुराहो सब-सर्कल कार्यरत थे। अब दमोह में नए सब-सर्कल की स्थापना से क्षेत्रीय स्मारकों के संरक्षण कार्यों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्यालय 15 फरवरी के बाद प्रारंभ होने की संभावना है। वर्तमान भवन में मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है, जिसमें छत की वाटरप्रूफिंग, ग्रिल व जाली का निर्माण, मैदान का समतलीकरण, बगीचे का विकास, लाइट फिटिंग तथा रंगाई-पुताई शामिल है।

