“ओंकार और णमोकार की पावन धरती है दमोह” कृ राष्ट्रीय कवि सुमित ओरछा मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी हुए अतिथि के रूप में हुए शामिल
“ओंकार और णमोकार की पावन धरती है दमोह” कृ राष्ट्रीय कवि सुमित ओरछा मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी हुए अतिथि के रूप में हुए शामिल

दमोह। बुंदेली गौरव न्यास द्वारा आयोजित बुंदेली दमोह महोत्सव के अंतर्गत बुधवार की रात्रि राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में देश के चर्चित राष्ट्रीय कवि सुमित ओरछा ने अपने ओजस्वी वक्तव्य में कहा कि “दमोह ओंकार और णमोकार की पावन धरती है, जहाँ बाबा जागेश्वर का आशीर्वाद और कुंडलपुर में बड़े बाबा विराजमान हैं।” कवि सुमित ओरछा ने बुंदेली गौरव न्यास द्वारा आयोजित इस विशाल एवं भव्य मेले की सराहना करते हुए अपनी प्रभावशाली कविता से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में हास्य कवि मुन्ना बैटरी ने अपनी हास्य रस की कविताओं से दर्शकों को खूब हँसाया। वहीं अमन अक्षर एवं डॉ. शशि श्रेया ने भी अपनी शानदार काव्य प्रस्तुतियों से माहौल को भावपूर्ण बना दिया। पूरा कवि सम्मेलन तालियों की गूंज और उत्साह से सराबोर रहा इस दौरान अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी,मेले की संरक्षक डॉ सुधा मलैया विशेष तौर पर मौजूद रहे। महोत्सव की श्रृंखला में गुरुवार को श्रीमती विजया शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा “श्रीराम की शक्ति पूजा” नामक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसे दर्शकों ने अत्यंत सराहा। बुंदेली दमोह महोत्सव में प्रतिदिन आयोजित होने वाले नागरिक सम्मान समारोह के अंतर्गत जिले की उन विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है, जो अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही मेले में आयोजित “नृत्य श्री प्रतियोगिता” का क्रम लगातार जारी है, जिसमें गुरुवार को भी प्रतिभागियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं। वहीं महोत्सव के अंतर्गत चल रही खेल प्रतियोगिताओं का संचालन भी निरंतर किया जा रहा है। गुरुवार को आयोजित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को समिति की ओर से सम्मानित किया गया। बुंदेली दमोह महोत्सव जिले की सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हुए निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है।3


