मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री फुलपगारे ने बांसा तारखेडा के विद्यार्थियों से किया संवाद परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के तहत छात्रों से किया संवाद
परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के तहत छात्रों से किया संवाद

दमोह : 27 जनवरी 2026
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने शासकीय उच्चतर प्राथमिक माध्यमिक विद्यालय बांसा तारखेडा के विद्यार्थियों के साथ परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम में भाग लिया तथा विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के जवाब देते हुए कहा कि आप लोग जो भी याद करते हैं, उसे लिखकर जरूर देखें क्योंकि परीक्षा में हमें याद किए हुए प्रश्नों के उत्तर लिखना पढ़ते हैं, लिखने से याद आसानी से होता है। एक विद्यार्थी द्वारा प्रश्न किया गया कि जब हम पढ़ने बैठते हैं तो हमें नींद आती है इसके उत्तर में उन्होंने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ सोना भी बहुत जरूरी है, यदि हमारी नींद पूरी नहीं होगी तो हम बीमार पड़ सकते हैं। परीक्षा के समय में अपने आप को स्वस्थ रखना बहुत महत्वपूर्ण होता है। अतः सभी विद्यार्थी नींद एवं भोजन पर सतर्क रहें। पढ़ाई भी पूरे मन के साथ करें तथा नींद भी जितनी शरीर के लिए जरूरी है वह अनिवार्य रूप से लें। भोजन का भी ध्यान रखें। यदि आप स्वस्थ रहेंगे तभी अधिक से अधिक समय तक पढ़ पाएंगे तथा मस्तिष्क भी सही काम करेगा। कार्यशाला में सहायक जिला परियोजना समन्वयक मोहन राय ने भी विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया इस दौरान विद्यालय के समस्त विद्यार्थी व स्टाफ मौजूद रहा।


