मडियादो में सामाजिक जागृति सम्मेलन संपन्न; योगेंद्र कुशवाहा ने किया समाज के सशक्तिकरण का आह्वान
मडियादो में सामाजिक जागृति सम्मेलन संपन्न; योगेंद्र कुशवाहा ने किया समाज के सशक्तिकरण का आह्वान

दमोह। मडियादोः हटा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मडियादो में आज ’सम्राट अशोक क्रांति सेना’ के तत्वाधान में एक विशाल “सामाजिक जागृति सम्मेलन“ का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्राट अशोक क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं समाजवादी पार्टी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र कुशवाहा जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान डॉ भीमराव अंबेडकर एवं तथागत गौतम बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि योगेंद्र कुशवाहा जी ने कहा कि, “समाज को अंधकार से निकालने के लिए शिक्षा और संगठन ही सबसे बड़े हथियार हैं। हमें अपने हक, अधिकार और न्याय के लिए संवैधानिक दायरे में रहकर अपनी आवाज बुलंद करनी होगी।“ उन्होंने समाजवादी मूल्यों पर जोर देते हुए युवाओं को राजनीति और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सम्राट अशोक क्रांति सेना के स्थानीय पदाधिकारियों ने समाज की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। सम्मेलन में मडियादो सहित आसपास के दर्जनों गांवों से आए सैकड़ों युवाओं और बुजुर्गों ने समाज को संगठित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि का भव्य सम्मान किया गया।


