जिले में परीक्षा परिणाम सुधार के लिए बनाई गई सघन रणनीति, प्रतिदिन होगी मॉनिटरिंग- कलेक्टर श्री कोचर डीईओ एवं बीईओ के साथ कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने परीक्षा की तैयारी को लेकर की समीक्षा डी-ई ग्रेड विद्यार्थियों पर विशेष फोकस
तैयारी को लेकर की समीक्षा
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के साथ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर श्री कोचर ने परीक्षा परिणाम उन्नयन को लेकर स्पष्ट निर्देश देते हुए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यार्थियों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा ठोस रणनीति तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी।
कलेक्टर श्री कोचर ने निर्देश दिए कि 21 जनवरी से परीक्षा प्रारंभ होने के दो दिवस पूर्व तक कक्षा 10वीं एवं 12वीं के डी एवं ई ग्रेड विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति वार्डन शिक्षकों के माध्यम से सुनिश्चित की जाए। साथ ही बोर्ड परीक्षा में अध्ययनरत ए, बी एवं सी ग्रेड के विद्यार्थियों को किसी भी स्थिति में डी एवं ई ग्रेड विद्यार्थियों के साथ कक्षा में बैठाने पर प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने कहा 21 जनवरी से डी एवं ई ग्रेड विद्यार्थियों के लिए गणित, अंग्रेजी, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों के तीन-तीन मॉडल प्रश्न पत्र एवं मॉडल आंसर तैयार किए जाएं। विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रतिदिन गूगल फॉर्म के माध्यम से ली जाएगी। जहां कहीं भी प्राचार्य द्वारा लिंक नहीं भरा गया या उपस्थिति कम पाई गई, वहां विकासखंड एवं जिला स्तरीय टीम द्वारा निरीक्षण किया जाएगा।
कलेक्टर ने आगामी 15 दिनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस अवधि में शिक्षक विधार्थी स्तर पर विशेष मेहनत करें और तन, मन, धन से समर्पित होकर परीक्षा परिणाम सुधार के प्रयास करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रतिदिन 30 मिनट की गूगल मीट आयोजित की जाएगी, जिसमें समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला स्तरीय टीम शामिल होगी। सभी विद्यालयों में विमर्श पोर्टल पर अपलोड मॉडल प्रश्न पत्र, वर्ष 2024 की वार्षिक परीक्षा एवं प्री-बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों का सहज और सरल भाषा में समाधान कराया जाएगा। प्रत्येक दिन किसी एक विषय का एक प्रश्न पत्र पूर्ण रूप से तैयार कराया जाएगा, जिसमें प्रश्न हल करना, समझाना, लिखवाना एवं टेस्ट शामिल रहेंगे।
इसके अतिरिक्त प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि डी एवं ई ग्रेड विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र परीक्षा दिवस के दो दिन पूर्व ही आवंटित किए जाएं। प्रतिदिन विद्यार्थियों को गृह कार्य दिया जाए तथा पालकों से संपर्क कर विद्यार्थियों की तैयारी की समीक्षा की जाए।
कलेक्टर श्री कोचर ने स्पष्ट किया कि इस संपूर्ण रणनीति के तहत वे स्वयं एवं जिला स्तरीय टीम द्वारा प्रतिदिन आकस्मिक निरीक्षण भी किए जाएंगे, ताकि बोर्ड परीक्षा 2026 में जिले का परीक्षा परिणाम बेहतर बनाया जा सके।
