ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास विद्यार्थियों की उपस्थिति, सुविधा एवं सीखने की गुणवत्ता को बेहतर बनाता-सीईओ जिला पंचायत श्री फुलपगारे एसबीआई ने सीएसआर के तहत शासकीय एकीकृत हाई स्कूल पौड़ी मानगढ को 80 बेंच भेंट कीं
शासकीय एकीकृत हाई स्कूल पौड़ी मानगढ को 80 बेंच भेंट कीं दमोह

भारतीय स्टेट बैंक द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के अंतर्गत दमोह जिले के जबेरा विकासखंड स्थित ग्राम पौड़ी मानगढ के शासकीय एकीकृत हाई स्कूल को 80 बेंच प्रदान की गईं। यह सहयोग शासन की आकांक्षी जिला योजना के तहत शिक्षा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया।
मुख्य अतिथि सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे ने एसबीआई द्वारा किए गए इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विकास विद्यार्थियों की उपस्थिति, सुविधा एवं सीखने की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है। उन्होंने बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से शासन की आकांक्षी जिला योजना को भी गति मिलती है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक हरीश रघुवंशी ने अपने संबोधन में एसबीआई की 70 वर्षों की गौरवशाली विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि बैंक समाज के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है और नियमित रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों में योगदान देता रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री “परीक्षा पे चर्चा” पहल के अंतर्गत मंचासीन अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए तथा परीक्षा की तैयारी, समय-प्रबंधन, तनाव से निपटने और सकारात्मक सोच जैसे विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक संवाद में भाग लिया।
समारोह के अंत में विद्यालय के प्राचार्य रामकिंकर शर्मा ने उपस्थित अतिथियों एवं एसबीआई के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक एसबीआई आरबीओ कटनी हरीश रघुवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. नेमा, चीफ मैनेजर एसबीआई दमोह आशीष रावत, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (LDM) दमोह हेमंत खिसानिया, खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) जबेरा विनोद बाजपेयी तथा ग्राम सरपंच मनोज राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे
