बुंदेली दमोह महोत्सव 2026 में गणतंत्र दिवस की भव्य धूम, शहीदों को समर्पित सांस्कृतिक संध्या और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
बुंदेली दमोह महोत्सव 2026 में गणतंत्र दिवस की भव्य धूम, शहीदों को समर्पित सांस्कृतिक संध्या और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

दमोह। बुंदेली गौरव न्यास द्वारा आयोजित बुंदेली दमोह महोत्सव 2026 के अंतर्गत मेला प्रांगण में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर न्यास के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। शाम के समय “एक शाम शहीदों के नाम” कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें देशभक्ति गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी हुईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। दोपहर के समय मेले में संचालित खेल प्रतियोगिताओं के अंतर्गत हॉकी फीडर सेंटर दमोह के 30 बालक एवं 30 बालिकाओं ने बुंदेली पारंपरिक खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मैत्री मैच, रस्साकशी, बोरा दौड़ सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फीडर सेंटर के सभी 60 राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को बालकदृबालिका वर्ग में पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में दोपहर में फायरलेस कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बिना अग्नि के आकर्षक और स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। महोत्सव के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों का प्रतिदिन सम्मान किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन लगभग चार नागरिकों को सम्मानित किया जा रहा है। मंगलवार को कौन है दमदार नारी, गौरव महान पुरुष, विधायक पेंटिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण, नृत्य श्री प्रतियोगिता तथा नागरिक सम्मान समारोह सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों और दर्शकों ने सहभागिता की। बुंदेली दमोह महोत्सव 2026 के ये आयोजन बुंदेली संस्कृति, खेल प्रतिभाओं और सामाजिक योगदान को मंच प्रदान करते हुए नगर में उत्सव और एकता का संदेश दे रहे हैं।



