आत्मविश्वास के साथ किया गया अध्ययन ही सफलता की कुंजी- कलेक्टर श्री कोचर कलेक्टर सुधीर कोचर ने नवीन उच्चतर माध्यमिक शाला हटा में विद्यार्थियों से किया संवाद
आत्मविश्वास के साथ किया गया अध्ययन ही सफलता की कुंजी- कलेक्टर श्री कोचर कलेक्टर सुधीर कोचर ने नवीन उच्चतर माध्यमिक शाला हटा में विद्यार्थियों से किया संवाद

जिले में परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर हटा पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने नवीन उच्चतर माध्यमिक शाला, हटा में छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और परीक्षा की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।कलेक्टर श्री कोचर ने शनिवार शाम लगभग 4:30 बजे विद्यालय में विद्यार्थियों की कक्षा ली और उन्हें परीक्षा के दौरान तनाव से मुक्त रहने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के समय घबराने की आवश्यकता नहीं है। विद्यार्थी अपनी दिनचर्या तय कर विषयवार तैयारी करें, संतुलित आहार लें तथा पर्याप्त नींद अवश्य पूरी करें। उन्होने विद्यार्थियों को समझाया कि यदि पढ़ाई या किसी विषय को लेकर कोई समस्या आती है, तो परिवारजन एवं शिक्षकों से सहयोग लेकर शांत चित्त से तैयारी करें। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास के साथ किया गया अध्ययन ही सफलता की कुंजी है।इस दौरान विद्यार्थियों ने खुलकर अपने सवाल रखे, जिनका कलेक्टर श्री कोचर द्वारा सरल एवं प्रेरणादायक उत्तर दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान हुआ और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


